सोनभद्र में साइबर ठगी के आरोपी पर पुलिस का शिकंजा, 25 हजार का इनामी गिरफ्तार।
सोनभद्र। थाना बीजपुर में दर्ज साइबर अपराध के मुकदमे में वांछित ₹25 हजार के इनामी अभियुक्त वारिस खान को सोनभद्र पुलिस ने राजस्थान से गिरफ्तार किया है। थाना बभनी और साइबर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी के कब्जे से अपराध में प्रयुक्त मोबाइल फोन, सिमकार्ड और ₹1,050 नकद बरामद किए हैं।
पुलिस के मुताबिक, 5 जून 2026 को बीजपुर थाना क्षेत्र के मेमना गांव निवासी प्रवेश कुमार ने आत्महत्या कर ली थी। जांच के दौरान परिजनों ने बताया कि मृतक को एक अज्ञात मोबाइल नंबर से लगातार कॉल आ रही थीं। साइबर सेल द्वारा मृतक के मोबाइल और बैंक खातों का विश्लेषण करने पर कॉल और धनराशि के लेन-देन का कनेक्शन अलवर, राजस्थान से सामने आया।
जांच में सामने आया कि आरोपी ने फेसबुक पर सस्ते लैपटॉप का विज्ञापन डालकर मृतक से संपर्क किया था। पुलिस के अनुसार सामान भेजने, टैक्स और प्रोसेसिंग शुल्क के नाम पर रकम लेने के बाद आरोपी ने लिंक भेजकर मोबाइल का एक्सेस हासिल किया और मोबाइल डेटा का इस्तेमाल कर AI से आपत्तिजनक वीडियो तैयार कर ब्लैकमेल करने की धमकी दी।
पुलिस का दावा है कि इस मामले में मानसिक दबाव के चलते युवक ने आत्महत्या कर ली। आरोपी ने पूछताछ में यह भी बताया कि मृतक से ठगी गई रकम में से कुछ पैसा उसने निकालकर खर्च कर दिया था और ₹1,050 शेष बचे थे, जिन्हें पुलिस ने बरामद कर लिया। जांच में आरोपी के पूर्व में भी साइबर ठगी के कई मामलों में शामिल होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस के अनुसार उसने हरियाणा में टेलीग्राम टास्क फ्रॉड, गुजरात में फर्जी कस्टमर केयर, राजस्थान में लैपटॉप बेचने और पश्चिम बंगाल में पुराने नोट बदलने के नाम पर ठगी की थी। गिरफ्तार अभियुक्त वारिस खान, उम्र करीब 20 वर्ष, निवासी पड़ासला, थाना किशनगढ़बास, जिला खैरतल-तिजारा, राजस्थान का बताया गया है। पुलिस द्वारा आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश करने की कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में, अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन ऋषभ रुणवाल एवं क्षेत्राधिकारी दुद्धी विनय प्रभाकर साहनी के पर्यवेक्षण में की गई।



























