Breaking Headlines
सोनभद्र में फर्जी खनिज परमिट गिरोह का भंडाफोड़।
रॉबर्ट्सगंज पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 5 आरोपी गिरफ्तार।
फर्जी C/MM-11 परमिट से हो रहा था अवैध खनिज परिवहन।
लैपटॉप, प्रिंटर, 748 सिक्योरिटी पेपर और हजारों परमिट बरामद।
AK इंटरप्राइजेज पर छापा, 3 आरोपी अब भी फरार।
अवैध खनन माफिया पर सोनभद्र पुलिस की बड़ी।
सोनभद्र पुलिस को अवैध खनिज परिवहन के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। रॉबर्ट्सगंज पुलिस और एसओजी टीम ने फर्जी ई-फॉर्म C/MM-11 (खनिज परिवहन परमिट) तैयार कर गिट्टी का अवैध परिवहन कराने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से लैपटॉप, प्रिंटर, सिक्योरिटी पेपर और बड़ी संख्या में फर्जी परमिट भी बरामद किए हैं।
सोनभद्र । पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत रॉबर्ट्सगंज पुलिस, एसओजी टीम और खनन विभाग ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए इस संगठित गिरोह का खुलासा किया। पूछताछ में सामने आया कि पुराने ई-फॉर्म C/MM-11 में वाहन संख्या, तारीख और समय बदलकर फर्जी परमिट तैयार किए जाते थे और उन्हीं के आधार पर गिट्टी का अवैध परिवहन कराया जाता था। पुलिस ने AK इंटरप्राइजेज, बिल्ली मारकुंडी स्थित कार्यालय पर छापेमारी कर पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। मौके से एक लैपटॉप, एक प्रिंटर, 748 अप्रयुक्त सिक्योरिटी पेपर, लगभग एक हजार प्रयुक्त ई-फॉर्म C/MM-11 तथा फर्जी परमिट तैयार करने में प्रयुक्त अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए गए। मामले में तीन अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। जांच में यह भी सामने आया कि संबंधित फर्म का लाइसेंस समाप्त होने के बाद भी उसके नाम पर जारी सिक्योरिटी पेपर और पुराने परमिटों का दुरुपयोग कर फर्जी ई-फॉर्म तैयार किए जा रहे थे। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विशेष टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। सोनभद्र पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध खनन और अवैध खनिज परिवहन के खिलाफ अभियान आगे भी इसी तरह सख्ती के साथ जारी रहेगा।
बाइट -अभिषेक वर्मा पुलिस अधीक्षक सोनभद्र




























