मिशन शक्ति 5.0 के तहत सोनभद्र पुलिस की पहल, महिला सुरक्षा व साइबर जागरूकता पर जोर
सोनभद्र। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण को प्राथमिकता देते हुए सोनभद्र पुलिस द्वारा मिशन शक्ति 5.0 के दूसरे चरण के अंतर्गत जनपद में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में सभी थाना क्षेत्रों में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित कर समाज के विभिन्न वर्गों को जागरूक किया जा रहा है।
अभियान के तहत महिलाओं एवं बच्चों से जुड़े महत्वपूर्ण सामाजिक मुद्दों—जैसे लिंगानुपात, लैंगिक समानता, बाल विवाह, लैंगिक शोषण, महिलाओं के प्रति हिंसा, साक्षरता और स्वास्थ्य—पर विस्तार से जानकारी दी जा रही है।
इस दौरान मिशन शक्ति टीमों ने विद्यालयों, महाविद्यालयों, कोचिंग संस्थानों, बाजारों और ग्राम सभाओं में संवाद कार्यक्रम आयोजित किए। इनमें बालिकाओं को गुड टच-बैड टच, आत्मरक्षा के उपाय, महिला उत्पीड़न से जुड़े कानूनी अधिकारों तथा विभिन्न हेल्पलाइन सेवाओं के बारे में जागरूक किया गया।
साथ ही बढ़ते साइबर अपराधों को देखते हुए ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल और लिंक, सोशल मीडिया के दुरुपयोग, बैंकिंग धोखाधड़ी और OTP साझा न करने जैसे विषयों पर विशेष रूप से सतर्क रहने की सलाह दी गई।
पुलिस विभाग ने आमजन से अपील की है कि किसी भी आपात स्थिति या सहायता के लिए निम्न हेल्पलाइन नंबरों का उपयोग करें—
📞 112 – आपातकालीन सेवा
📞 1090 / 1091 – महिला सुरक्षा हेल्पलाइन
📞 181 – महिला हेल्पलाइन
📞 1930 – साइबर अपराध हेल्पलाइन
📞 1076 – मुख्यमंत्री हेल्पलाइन
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य महिलाओं में आत्मविश्वास बढ़ाना, उन्हें उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना और समाज में सुरक्षित वातावरण स्थापित करना है।